ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हरियाणा के पिंजौर में आयोजित राष्ट्र स्तरीय वार्षिक समारोह में अर्की उपमंडल के डुमैहर गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत डीपीई राज कुमार पाल को “शान-ए-भारत अवॉर्ड – 2025” से सम्मानित किया गया। यह समारोह स्वर्णिम हिमाचल जन जागरण समिति द्वारा 11 मई को आयोजित किया गया था, जो कि भारत सरकार और हिमाचल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था है।

समारोह के मुख्य अतिथि, फर्स्ट एड काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉ. शबाब आलम ने राज कुमार पाल को यह सम्मान प्रदान किया। समिति द्वारा यह पुरस्कार देशभर की उन विभूतियों को दिया जाता है जिन्होंने शिक्षा, खेल, चिकित्सा, साहित्य एवं समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

राज कुमार पाल को यह सम्मान विशेष रूप से उनके द्वारा खेल जगत में किए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला। वे दो बार स्पेशल ओलंपिक विश्व खेलों में भारत के बास्केटबॉल कोच रह चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में भारत ने बर्लिन (जर्मनी) में आयोजित स्पेशल ओलंपिक में बास्केटबॉल में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। इसके अतिरिक्त, वे बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के ‘ए पैनल रेफरी’ भी हैं।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति और समस्त क्षेत्रवासियों ने राज कुमार पाल को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल डुमैहर और अर्की क्षेत्र बल्कि सम्पूर्ण हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय बना है।





