ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमण्डल अर्की के ऐतिहासिक और धार्मिक देवस्थल बाड़ीधार में बाड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिला। बाबा नारायण पुरी के सानिध्य में हो रहे इस सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर नजर आए।

कथा वाचन कर रहे तिलक राज शर्मा ने बाल लीलाएं, रासपंचाध्यायी और उद्धव-गोपी संवाद जैसे प्रसंगों के माध्यम से श्रोताओं को भगवान की दिव्य लीलाओं से जोड़ा। कथा का सार यह रहा कि भागवत श्रवण जीवन में आध्यात्मिक जागृति, संतुलन और ईश्वर के प्रति समर्पण की भावना को जन्म देता है।

कथा में अर्की राजपरिवार की पुत्रवधु मयूराक्षी सिंह भी पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा श्रवण किया और साधु-संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उनकी उपस्थिति से आयोजन स्थल पर विशेष उल्लास और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

आयोजक समिति के अनुसार प्रतिदिन दोपहर 1:30 से 4:30 बजे तक कथा प्रवचन होता है और रात्रि 8 बजे आरती एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाता है। 3 मई को पूर्णाहुति के बाद कथा को विश्राम दिया जाएगा एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का लाभ उठाने की अपील की है।






