सूत्र:- हिमाचल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा में नेता प्रतिपक्ष के लिये तीन नामों पर चर्चा चल रही है। जिसमे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार शामिल हैं। भाजपा द्वारा नेता प्रतिपक्ष का चुनाव विधायक दल की बैठक में किया जाना है , जो शीतकालीन सत्र से एकदम पहले होगा।

दिल्ली से भी भाजपा हाईकमान पर्यवेक्षकों को भेजेगी और वहीं से नेता प्रतिपक्ष के लिए नाम आएगा। दिल्ली से आने वाले नाम पर ही विधायकों से मुहर लगवाई जाएगी। इस पद के लिए भी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिर्फ एक चेहरा नहीं हैं।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और विपिन सिंह परमार का नाम भी इसके लिए लिया जा रहा है।

इसी के साथ जनवरी में ही भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का सामान्य कार्यकाल आठ जनवरी को पूरा हो रहा है। वैसे विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद भी यह बदलाव तय माना जा रहा था। इसके साथ ही संगठन महामंत्री के पद पर भी अब कोई नई नियुक्ति हो सकती है। हिमाचल में इस पद को काफी लंबे समय से पवन राणा संभाल रहे हैं। हालांकि संगठन महामंत्री के लिए कोई कार्यकाल तय नहीं है। इसके बावजूद उनके लंबे कार्यकाल को देखते हुए अब किसी और नियुक्ति का इंतजार पार्टी में है।

इन्हीं बदलावों के बहाने भाजपा हिमाचल में हुई चुनावी हार के भी समीक्षा करेगी। अभी तक पार्टी सिर्फ वोट शेयर के आधार पर अच्छा चुनाव लडऩे की बात कर रही हो, लेकिन जिस तरह से विधानसभा चुनाव में बागियों ने भाजपा की लुटिया डुबोई है, इस मसले को इतनी आसानी से नहीं छोड़ा जा सकता। हिमाचल भाजपा इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं, जो राज्य में संगठन से खुश नहीं है। साभार : सूत्र



